सुंदरनगर के कई क्षेत्रों में 9 जून को सात घंटे बाधित रहेगी बिजली आपूर्ति
Mandi / सुंदरनगर
मंडी जिले के सुंदरनगर क्षेत्र में मंगलवार 9 जून को निर्धारित रखरखाव कार्य के चलते कई इलाकों में विद्युत आपूर्ति अस्थायी रूप से बाधित रहेगी। विद्युत बोर्ड द्वारा उपभोक्ताओं को पूर्व सूचना जारी कर आवश्यक कार्य समय रहते निपटाने की सलाह दी गई है।
विद्युत उपमंडल सुंदरनगर के अंतर्गत आने वाले विद्युत अनुभाग जैदेवी में 33 केवी पंगाणा फीडर पर आवश्यक मरम्मत एवं रखरखाव कार्य किया जाना है। इस कारण 9 जून 2026 को प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक बिजली आपूर्ति बंद रहेगी।
यह जानकारी विद्युत उपमंडल सुंदरनगर के सहायक अभियंता ई. राजन गौर ने दी। उन्होंने बताया कि निर्धारित अवधि के दौरान जैदेवी, कटेरू, सुकीबनिन, डोलधर, घिड़ी, थामरी, सैंजी, पलोहटा तथा बाढू सहित आसपास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति प्रभावित रहेगी। उन्होंने कहा कि विद्युत तंत्र को सुचारु एवं सुरक्षित बनाए रखने के लिए समय-समय पर रखरखाव कार्य आवश्यक होता है, जिससे भविष्य में उपभोक्ताओं को बेहतर और निर्बाध बिजली सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
सहायक अभियंता ने क्षेत्र के सभी उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि बिजली बाधित रहने की अवधि को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्य पहले ही निपटा लें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मौसम अथवा अन्य तकनीकी परिस्थितियों के अनुसार कार्य की अवधि में बदलाव संभव है।
विद्युत बोर्ड ने उपभोक्ताओं से असुविधा के लिए खेद व्यक्त करते हुए सहयोग बनाए रखने का आग्रह किया है।
