नारकंडा दौरे पर मुख्यमंत्री सुक्खू की बड़ी घोषणाएं, हाटू माता रोपवे और फोरलेन परियोजना को मिलेगी रफ्तार
नारकंडा (शिमला)
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने रविवार को शिमला जिले के प्रसिद्ध हाटू माता मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने धार्मिक पर्यटन, सड़क संपर्क और स्थानीय विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश अपनी समृद्ध देव संस्कृति और धार्मिक आस्थाओं के लिए देश-दुनिया में विशेष पहचान रखता है। राज्य सरकार धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न योजनाओं पर कार्य कर रही है, ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
मुख्यमंत्री ने बताया कि ढली-नारकंडा-रामपुर सड़क मार्ग को फोरलेन राजमार्ग के रूप में विकसित करने की योजना पर तेजी से काम किया जा रहा है। परियोजना के लिए आवश्यक सर्वेक्षण कार्य पूरा कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण में सुरंगों को प्राथमिकता दी जाएगी, जिससे भूस्खलन की घटनाओं से होने वाले नुकसान को कम किया जा सके और लोगों को सुरक्षित एवं सुगम यातायात सुविधा मिल सके।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हाटू माता रोपवे परियोजना को भी प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ा रही है। यह परियोजना नाबार्ड के तहत प्रस्तावित की गई है। मुख्यमंत्री के अनुसार परियोजना को पूरी तरह धरातल पर उतरने में लगभग तीन से चार वर्ष का समय लग सकता है, लेकिन सरकार इसके सफल क्रियान्वयन के लिए प्रतिबद्ध है।
सुक्खू ने बताया कि हाटू माता सड़क के सुधार और उन्नयन कार्यों के लिए धनराशि स्वीकृत कर दी गई है। सड़क विकास कार्यों के दौरान पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता दी जाएगी तथा पेड़ों की कटाई को न्यूनतम रखने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों से श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर आवागमन सुविधाएं मिलेंगी।
मुख्यमंत्री ने नारकंडा नगर पंचायत के निर्विरोध निर्वाचन की सराहना करते हुए नगर पंचायत के विकास कार्यों के लिए 50 लाख रुपये की विशेष अनुदान राशि देने की घोषणा भी की। इस अवसर पर नवनिर्वाचित पंचायती राज प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत एवं सम्मान किया।
अपने दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने नारकंडा में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और लोगों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विधायक कुलदीप राठौर, विधायक कमलेश ठाकुर, हिमाचल प्रदेश वन विकास निगम के उपाध्यक्ष केहर सिंह खाची, हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक के अध्यक्ष देवेन्द्र श्याम, उपायुक्त अनुपम कश्यप, पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
