मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन की शिकायतों का सात दिन में निपटारा करें विभाग: उपायुक्त मंडी
HPN 48 मंडी
मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन (1100) पर प्राप्त शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निपटारे को लेकर जिला जन शिकायत निवारण सेल की बैठक गुरुवार को उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक उपायुक्त कार्यालय के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में संपन्न हुई।
बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त अपूर्व देवगन ने कहा कि प्रदेश सरकार जनसमस्याओं के समयबद्ध समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन आम नागरिकों की शिकायतों के निराकरण का महत्वपूर्ण माध्यम है, इसलिए सभी विभागों को इस दिशा में पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करना चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हेल्पलाइन पर प्राप्त विभागीय शिकायतों का निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रभावी और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आम जनता की समस्याओं के निपटारे में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
उपायुक्त ने लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी लंबित शिकायतों का समाधान सात दिनों के भीतर किया जाए। साथ ही नियमित समीक्षा कर अन्य मामलों का भी समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को बेहतर प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध हो सकें।
उन्होंने अधिकारियों से शिकायतकर्ताओं से व्यक्तिगत रूप से संपर्क स्थापित कर उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान करने का भी आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय से शिकायतों के निपटारे की प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त गुरसिमर सिंह, एसडीएम सदर रूपिंदर कौर, जिला विकास अधिकारी गोपी चंद पाठक, जिला पंचायत अधिकारी अंचित डोगरा सहित खाद्य आपूर्ति एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं जिले के सभी एसडीएम, खंड विकास अधिकारी और तहसीलदार वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
